कैंसर एक ऐसी बीमारी है जिसके बारे में सोचते ही हम घबरा जाते हैं। ऐसे में जब भी हमें कोई शारीरिक समस्या होती है, तो हम चिंतित हो जाते हैं। यह स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब किसी समस्या के लक्षण कैंसर के किसी लक्षण से मिलते हों, ऐसे में यह जानना आवश्यक हो जाता है कि हमें जो लक्षण दिखाई पड़ रहे हैं, वह कैंसर के शुरुआती लक्षण तो नहीं हैं।
ऐसी ही एक समस्या है कमर की गांठ, जिसमें यह मालूम करना मुश्किल हो जाता है कि यह सामान्य गांठ है या कैंसर का कोई संकेत है। इस लेख में हम इसी समस्या पर चर्चा करेंगे और यह समझने का प्रयास करेंगे कि कमर की गांठ कैंसर का संकेत है, या फिर कोई सामान्य गांठ।
कमर की गांठ क्यों होती है?
शरीर के किसी भी हिस्से में गांठ बनने की समस्या हो सकती है, हालांकि इस लेख में हम खासतौर पर कमर की गांठ के बारे में जानेंगे। कमर की गांठ में दर्द हो सकता है, और कई बार इसमें केवल उभार या सूजन नजर आती है। ऐसा नहीं है कि हर गांठ कैंसर का ही लक्षण हो, लेकिन ऐसा भी नहीं है कि इसे नज़रअंदाज किया जाए। कई बार ज्यादा चर्बी के कारण भी गांठ बन जाती है, जिसे चर्बी वाली गांठ कहा जाता है। इसी तरह, कई बार कमर की गांठ कैंसर का संकेत भी हो सकती है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
कमर में गांठ होने के कारण क्या है?
कमर में गांठ बनने के कई कारण हो सकते हैं, जो निम्नलिखित हैं।
- कुछ लोगों को गांठ होने की समस्या जेनेटिक होती है। परिवार में किसी करीबी को यह समस्या होने पर गांठ की समस्या हो सकती है।
- जो लोग ज्यादा मोटे होते हैं, उनके शरीर में ज्यादा चर्बी के कारण अक्सर गांठ बन जाती है।
- अधिक शराब का सेवन या लिवर में समस्या के कारण भी कमर में गांठ हो सकती है।
- अगर आपके शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ रहा है, डायबिटीज और मोटापा हैं, तो गांठ की समस्या हो सकती है।
- कमर में हर्निया होने के कारण भी गांठ बन सकती है, जिसमें दर्द और सूजन का एहसास हो सकता है।
- किडनी या मांसपेशियों की संरचनाओं के असामान्य विकास के कारण भी कमर में गांठ बनती है।
क्या कमर की गांठ कैंसर का संकेत हो सकती है?
जी हां, कमर में गांठ कैंसर का संकेत हो सकती है। कमर में गांठ कैंसरग्रस्त लिम्फ़ नोड का संकेत हो सकती है। लिम्फोमा एक तरह का कैंसर है जो लिम्फ़ नोड्स को प्रभावित करता है।
अगर आपके कमर में गांठ है, और साथ में ये लक्षण भी दिखाई दें, तो यह कैंसर का संकेत हो सकता है।
1. शरीर में गर्मी बढ़ना
2. गांठ पर लालिमा
3. स्पर्श के प्रति संवेदनशीलता
4. गांठ से रक्त स्राव
5. बुखार और सीने में दर्द
6. थकान एवं भूख न लगना
7. रात में पसीना आना
8. वजन कम होना
9. लगातार खांसी
10. सांस लेने में दिक्कत
कमर में कहीं भी गांठ बनने पर, इसे नजरअंदाज नहीं करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर हो सकती है। कमर में गांठ बनने पर डॉक्टर से अवश्य मिलें। डॉक्टर गांठ की विशेषताओं और अन्य लक्षणों का आकलन करके इसके कारणों का पता लगाएंगे, और उचित उपचार शुरू करेंगे।